हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , इस्राइली सेना ने आधिकारिक तौर पर दावा किया है कि उसने बैरूत के दक्षिणी उपनगर (दहिया) में एक हवाई हमले में हिजबुल्लाह के विशेष इकाई "रिज़वान फोर्स" के कमांडर "अहमद ग़ालिब बलूत" को मार गिराया है।इब्रानी मीडिया ने आज सुबह यह दावा किया था, जिसके बाद इस्राइली सेना ने अपने आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की।
इस्राइली सेना के अरब प्रवक्ता "अवीखय अदरई" ने बताया कि अहमद ग़ालिब बलूत रिज़वान फोर्स में महत्वपूर्ण पदों पर थे और वह इस इकाई में ऑपरेशन के कमांडर थे। प्रवक्ता के अनुसार, बलूत की ज़िम्मेदारियों में इस्राइली सेना के खिलाफ़ युद्ध की तैयारी कराना और इकाई को सक्रिय करना शामिल था।
अदरई ने आगे दावा किया कि मौजूदा जंग में, विशेष रूप से हाल के दिनों में, बलूत ने रिज़वान फोर्स को नेतृत्व प्रदान किया और दक्षिणी लेबनान से इस्राइली सेना के खिलाफ़ दर्जनों हमलों की योजना बनाई। इन हमलों में एंटी-टैंक मिसाइल दागना और हैंड ग्रेनेड लगाना शामिल है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बलूत रिज़वान फोर्स की क्षमताओं की बहाली और 'प्लान अल-जलील' को सक्रिय करने में व्यस्त थे।
गौरतलब है कि रिज़वान फोर्स हिज़्बुल्लाह की एक बड़ी और अत्यधिक प्रशिक्षित कमांडो इकाई है, जिसे ज़मीनी कार्रवाइयों के लिए तैयार किया गया है। हालाँकि, हिजबुल्लाह की ओर से अब तक इस दावे पर कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है। इस्राइल इससे पहले भी हिजबुल्लाह के नेताओं के बारे में गलत दावे करता रहा है।
आपकी टिप्पणी